फास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी बुलंदशहर। जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के गहना के निकट सड़क किनारे स्थित मंदिर के पास बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें ईको कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने की भीषण भिड़ंत में 5 वर्षीय मासूम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब एक बजे हुआ, जब दिल्ली से बदायूं जा रहा एक परिवार ईको कार से गुजर रहा था। गहना के पास अचानक सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से कार की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ईको कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।
इस हादसे में केशव (5 वर्ष) पुत्र चंद्रमोहन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं विशाल पुत्र राजा बाबू, रचना पुत्री करणवीर (दिल्ली), गुलफ्शा पुत्री काले, गीता पत्नी शीशपाल, श्रीराम पुत्र रामेश्वर और सचिन पुत्र शैलेन्द्र (सभी निवासी बदायूं) गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूत्रों के अनुसार, घटना के समय जहांगीराबाद इंस्पेक्टर एडीजी पुलिस को एस्कॉर्ट कर लौट रहे थे। तभी उनकी नजर क्षतिग्रस्त कार पर पड़ी और उन्होंने तुरंत स्थिति को भांपते हुए राहत कार्य शुरू कराया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर तीन एम्बुलेंस बुलवाईं और स्वयं मौजूद रहकर सभी घायलों को सुरक्षित अस्पताल भिजवाया।
घायलों की हालत गंभीर होने के चलते प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। वहीं पुलिस ने अपने स्तर से हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी संजेश कुमार ने बताया कि मामले की तहरीर अभी नही मिली हैं। हालांकि पुलिस जांच कर रही हैं। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल, सभी घायलों का उपचार चल रहा हैं। एक 5 साल के बच्चे की हादसे में मौत हुई हैं। रिपोर्ट सुनील कुमार151044750
