जिला गंगा समिति मऊ द्वारा संचालित गंगा स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत मखाना पिंडोहरी में रमा शंकर सिंह महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का मुख्य उद्देश्य गाड़ा ताल एवं खड़िया नाला के संरक्षण, स्वच्छता और जैव विविधता के महत्व के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने विभिन्न नारों के माध्यम से लोगों से जल स्रोतों को स्वच्छ रखने, प्लास्टिक का उपयोग कम करने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की अपील की। इस अवसर पर वक्ताओं ने बताया कि गाड़ा ताल क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण जलाशय है, जो न केवल जल संचयन का प्रमुख स्रोत है, बल्कि विभिन्न प्रकार की वनस्पतियों, पक्षियों एवं जलीय जीवों का प्राकृतिक आवास भी है। इसकी जैव विविधता स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र को संतुलित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
इसी प्रकार खड़िया नाला भी क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था का अभिन्न अंग है, जो वर्षा जल को संचालित कर भूजल स्तर को बनाए रखने में सहायक होता है। यदि इन जल स्रोतों का संरक्षण नहीं किया गया, तो इससे पर्यावरणीय असंतुलन के साथ-साथ जल संकट की समस्या भी उत्पन्न हो सकती है।
रैली के दौरान मऊ जनपद में प्रवाहित तमसा, घाघरा एवं भैसही नदियों की स्वच्छता एवं संरक्षण के लिए भी लोगों को प्रेरित किया गया। अंत में सभी उपस्थित छात्र-छात्राओं को गंगा स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रही। रिपोट - चन्दन कुमार 151173880
