स्टेट इंचार्ज चैनल मध्य प्रदेश सतीश शर्मा की रिपोर्ट
*फूंक मार भाजपा विधायक लहार,जनहित में फूंक मारकर एनएच -719 के टोल प्लाजा हटाने एवं चौड़ीकरण कराने में जिलेवासियों की मदद करें - पंकज त्रिपाठी*
*भाजपा विधायक द्वारा पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं*
भिण्ड । सत्तासीन भाजपा विधायक लहार अमरीश शर्मा गुड्डू ने पिछले दिनों फूंक मारकर अधिकारियों को पाकिस्तान भेजने की बात कही थी, जिस पर तंज कसते हुए जिला कांग्रेस मीडिया प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने कहा कि लहार विधानसभा क्षेत्र के विधायक अमरीश शर्मा गुड्डू फूंक मारकर अधिकारियों को पाकिस्तान भेजने की बात करते हैं,तो ऐसे भाजपा विधायक से जनहित में अनुरोध है,कि वह ऐसी ही कोई एक फूंक मारकर ग्वालियर-भिण्ड-इटावा नेशनल हाईवे -719 के टोल प्लाजा को भिण्ड जिले से बाहर कर सड़क के काम को शीघ्रता पूर्वक सिक्स/फोर लेन बनवाने में जिलेवासियों की मदद करें। क्योंकि इस सकरे हाईवे पर होने वाली आकस्मिक दुर्घटनाओं में सैकड़ों मौते हो चुकी हैं और अनगिनत लोग घायल होकर आजीवन अपाहिज हो गए हैं। त्रिपाठी ने कहा कि इस हाईवे को चौड़ीकरण कराने के लिए कई सालों से संत समाज,पूर्व सैनिक संगठन, समाजसेवी संगठन,भाजपा को छोड़कर अन्य सभी राजनीतिक पार्टियां एवं आमजन द्वारा कई धरना प्रदर्शन किए गए,यहां तक कि बड़े-बड़े आंदोलन किए जा चुके हैं,फिर भी सड़क चौड़ीकरण के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया,अतएव लहार के फूंकमार भाजपा विधायक अमरीश शर्मा जी से जनहित के लिए कांग्रेस पार्टी निवेदन करती है,कि फूंक मार कर एनएच -719 के टोल प्लाजा हटाने एवं सड़क पर अतिशीघ्र चौड़ीकरण का कार्य प्रारंभ कराने का पुनीत कार्य में जिलेवासियों को सहयोग प्रदान करें ।
त्रिपाठी ने कहा कि लहार विधायक अमरीश शर्मा ने पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह पर अवैध अतिक्रमण कर मकान बनाए जाने का आरोप लगाया है,तो सरकार भाजपा विधायक जी की ही है,शासन को बोलकर ईमानदार अधिकारियों से जांच करवाए,जिससे सारी बात स्पष्ट हो जाएगी,फिर जैसा कि डॉ. गोविंद सिंह ने स्वयं कहा है,कि अगर वास्तव में उनके मकान पर अतिक्रमण निकलता है,तो उसे वह स्वयं हटवा देगें। फिर विधायक को परेशानी क्या है। त्रिपाठी ने कहा कि विधायक जैसे उच्चस्तरीय जनप्रतिनिधि को यह कहना शोभा नहीं देता कि वह जेसीबी मशीन ले जाकर प्रदेश स्तरीय नेता डॉ. सिंह का मकान तोड़ देगें। उन्होंने कहा कि एक जनप्रतिनिधि को व्यक्तिगत कारणों से कानून तोड़ने जैसी बात न कहकर कानून व्यवस्था बनाने वाली बात करनी चाहिए यदि किसी ने अतिक्रमण कर निर्माण कराया है,तो उसे कानूनी कार्यवाही करना चाहिए। स्वयं उसे तोड़ा-ताड़ी करने जैसी बात नहीं करनी चाहिए।
त्रिपाठी ने कहा कि जिस विधायक की सत्ता में रहते हुए उसकी बात को उसके क्षेत्र के ही अधिकारी ना सुने तो ऐसे विधायक को इस्तीफा देकर जनता के बीच में जाकर जनसेवा का कार्य करना चाहिए।
