फास्ट न्यूज़ इंडिया मध्य प्रदेश पिछोर (शिवपुरी): थाना क्षेत्र के ग्राम फुटेरा के पास बुधवार शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसमें एक 15 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन सहित फरार हो गया, जिससे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम फुटेरा निवासी वृंदावन जाटव का पुत्र माइकल जाटव बुधवार शाम करीब 4 बजे टेकरी सरकार मंदिर से पुराना गल्ला मंडी बायपास किले के पास खड़ा था। तभी एक आयशर ट्रैक्टर का चालक तेज़ रफ़्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए आया और माइकल को जोरदार टक्कर मार दी।
मौके पर ही मौत
टक्कर इतनी भीषण थी कि किशोर माइकल जाटव ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
चालक मौके से फरार
हादसे के बाद आरोपी ट्रैक्टर चालक मौके से वाहन सहित भाग निकला। घटना के बाद परिजनों में मातम छा गया है और गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
मृतक के पिता वृंदावन जाटव की शिकायत पर पिछोर पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सहायक उप-निरीक्षक (ASI) कमल सिंह बंजारा को सौंपी गई है। पुलिस आरोपी चालक और वाहन की तलाश में जुटी हुई है।
फिलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जांच और तलाशी अभियान चला रही है, ताकि जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जा सके। संवाददाता राजू जाटव पिछोर
