बयाना- कस्बे के पठानपाड़ा इलाके में बेखौफ असामाजिक तत्वों का आतंक देखने को मिला है। जिसमें बेखौफ अज्ञात बदमाशों द्वारा घर के बाहर खड़े हुए दो थ्री-व्हीलर टेंपो में आग लगा दी। जिससे पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक चोट पहुँची है।
प्राप्त जानकारी अनुसार पठानपाड़ा निवासी दो भाइयों के थ्री व्हीलर टेंपो रोज की तरह रात को घर के बाहर खड़े थे। रात करीब 12 बजे पड़ोसी आकाश ने फोन कर उन्हें वाहनों में आग लगने की सूचना दी। सूचना मिलते ही दोनों भाई तुरंत मौके पर पहुँचे और मोहल्ले के लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। प्राप्त जानकारी अनुसार आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू पाने तक दोनों टेंपो की सीटें, पर्दे, छत और अन्य महत्वपूर्ण हिस्से जलकर खाक हो गए। पीड़ित ने रुआंसे स्वर में बताया कि उन्होंने महज 15 दिन पहले ही एक नया टेंपो खरीदा था और अब इस घटना के बाद परिवार के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित ने बताया कि घटना को लेकर कोतवाली थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घटना स्थल का मुआयना किया और इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
