फास्ट न्यूज़ इंडिया उत्तराखंड रुद्रपुर। उधम सिंह नगर के मुख्य शिक्षा अधिकारी (CEO) हरेन्द्र कुमार मिश्रा ने शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) के तहत जनपद के निजी मान्यता प्राप्त विद्यालयों में शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया की घोषणा कर दी है। इस वर्ष जनपद के 700 निजी स्कूलों ने पंजीकरण कराया है, जिनमें आर्थिक रूप से कमजोर और अपवंचित वर्ग के बच्चों के लिए कुल 6,457 सीटें आरक्षित की गई हैं।
इच्छुक अभिभावक 24 मार्च 2026 से 02 अप्रैल 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट www.rteonline.uk.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आयु सीमा की बात करें तो प्री-प्राइमरी कक्षाओं के लिए 30 जून 2026 को बच्चे की आयु 3 वर्ष और कक्षा-1 के लिए 6 वर्ष होनी अनिवार्य है। सीटों का आवंटन राज्य परियोजना कार्यालय, देहरादून द्वारा ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।
प्रवेश के लिए आय और श्रेणी के आधार पर मानक तय किए गए हैं:
- सामान्य वर्ग: वार्षिक आय ₹55,000 से कम या बीपीएल कार्ड।
- OBC: वार्षिक आय ₹8 लाख से कम (नॉन-क्रीमीलेयर)।
- दिव्यांग अभिभावक: वार्षिक आय ₹4.50 लाख से कम।
- SC/ST व अनाथ बच्चे: इनके लिए आय प्रमाण-पत्र की आवश्यकता नहीं है।
अभिभावकों को आवेदन के बाद उसकी तीन प्रिंट कॉपी निकालनी होंगी, जिनमें से दो प्रतियां स्वयं उप शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जमा करनी होंगी। ध्यान रहे कि किसी स्कूल कर्मचारी के माध्यम से आवेदन स्वीकार नहीं होंगे और जो बच्चे पहले से किसी निजी या सरकारी स्कूल में पढ़ रहे हैं, वे इसके पात्र नहीं होंगे। सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 18001804132 या मोबाइल नंबर 9411375729 पर संपर्क किया जा सकता है। शाहनूर अली स्टेट ब्यूरो चीफ उत्तराखंड 151045804

