कासगंज। अमांपुर थाना क्षेत्र में सुजरई गांव के निकट बाइक सवार युवक को अनियंत्रित ट्रैक्टर के चालक ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल हुए युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक रविवार की दोपहर सुजरई गांव के निकट ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक के घायल होने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई। तब तक परिजन भी घटना स्थल पर आ गए। घायलावस्था में युवक को उपचार के लिए अमांपुर स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां से उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने घायल युवक को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि मृतक 18 वर्षीय सूरज पुत्र जुगेंद्र निवासी राजेपुर अमांपुर है। वह क्षेत्र के ही वीरेंद्र सिंह सिकरवार इंटर कालेज में 11वीं कक्षा का छात्र था। मामले में तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के भेज दिया है।
