फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी कासगंज। जनपद के सिढ़पुरा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम भुजपुरा में शनिवार को लक्ष्य फाउंडेशन के तत्वावधान में एक भव्य 'प्रतिभा सम्मान समारोह' का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अंचल के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करना और समाज के प्रति समर्पित वरिष्ठ नागरिकों का आभार व्यक्त करना रहा। समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में आयकर विभाग, देहरादून के एडिशनल कमिश्नर अमरपाल सिंह लोधी ने शिरकत की। विशिष्ट अतिथि के रूप में आगरा से आए सहायक कमिश्नर सुशील प्रकाश शाक्य उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में अमरपाल सिंह लोधी ने कहा कि शिक्षा वह सशक्त माध्यम है जिससे न केवल व्यक्ति का विकास होता है, बल्कि पूरे समाज की उन्नति संभव है। ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के आयोजन बच्चों में प्रतिस्पर्धा की भावना और आगे बढ़ने का जज्बा पैदा करते हैं। लक्ष्य फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में सम्मान की एक विस्तृत श्रृंखला देखने को मिली l क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों से आए लगभग 250 छात्र-छात्राओं को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सामाजिक मूल्यों को संजोए रखने वाले 100 बुजुर्गों को भी सम्मानित किया गया। संस्था ने उनकी जीवन भर की सेवाओं और मार्गदर्शन के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन लक्ष्य फाउंडेशन के राष्ट्रीय सदस्यता प्रभारी डॉ. चन्द्रशेखर शास्त्री एवं प्रदेश अध्यक्ष अजय राजपूत ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने और इसके सफल आयोजन का श्रेय आयोजक गौरव शाक्य को दिया गया।इस अवसर पर क्षेत्र के कई प्रबुद्ध वर्ग और गणमान्य लोग मौजूद रहे, जिनमें मुख्य रूप से शिव चेतन शाक्य, अरविंद शाक्य, मुनेश (पीटीआई), उमेश और चंद्र प्रकाश शामिल थे। वक्ताओं ने लक्ष्य फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से मेधावियों का मनोबल बढ़ता है। रिपोर्ट संजय सिंह 151110069
