फास्ट न्यूज इंडिया पीलीभीत
नैनीताल घूमने निकले थे, रास्ते में बना ली लूट की साजिश—पीलीभीत पुलिस का बड़ा खुलासा
पीलीभीत के जहानाबाद थाना क्षेत्र में 9 मार्च को हुई लूट की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए अंतरजनपदीय गिरोह के दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई को स्वाट टीम और थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया।
घटना में बदमाशों ने एक सेवानिवृत्त शिक्षक को लिफ्ट देने के बहाने अपनी कार में बैठाया और फिर उन्हें डराकर नकदी लूट ली थी। अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धर्मेंद्र और मोइनुद्दीन के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कुशीनगर के रहने वाले हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे कुशीनगर से नैनीताल घूमने के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में पैसों की कमी होने पर उन्होंने लूट की योजना बना डाली। वारदात के दौरान चार अज्ञात बदमाशों ने शिक्षक श्याम बिहारी लाल को उनकी ही हुंडई एक्सेंट कार में बैठाकर धमकाया और 23 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए थे।
पुलिस ने सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर रेलवे क्रॉसिंग फाटक के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार, दो कीपैड मोबाइल और एक टच स्क्रीन मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी धर्मेंद्र के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट और गैंगस्टर एक्ट समेत आठ गंभीर मुकदमे दर्ज हैं, जबकि मोइनुद्दीन पर भी पीलीभीत और बलरामपुर में लूट के मामले दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य दो फरार सदस्यों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।रिपोर्ट जियाउल हक कहा -151173981
