फास्ट न्यूज इंडिया पीलीभीत
कलीनगर में सनसनी: लापता युवती ने नहर में लगाई थी छलांग, कंकाल मिलने से खुला राज
पीलीभीत जनपद के कलीनगर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब हरदोई ब्रांच नहर से एक युवती का कंकाल बरामद हुआ। यह कंकाल चित्रापुर पुल के पास नहर में तैरता हुआ मिला। बाद में इसकी पहचान 18 वर्षीय रोशनी के रूप में हुई, जो पिछले 82 दिनों से लापता थी।
जानकारी के अनुसार, कलीनगर निवासी रमेश राजपूत की पुत्री रोशनी 28 दिसंबर 2025 को परिजनों से कहासुनी के बाद घर से निकल गई थी। बताया जाता है कि वह सीधे चित्रापुर पुल पहुंची और हरदोई ब्रांच नहर में छलांग लगा दी थी। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय प्रशासन ने युवती को खोजने के लिए काफी प्रयास किए। गोताखोरों की मदद भी ली गई, लेकिन कई दिनों की तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे जब स्थानीय लोग चित्रापुर पुल के पास से गुजर रहे थे, तभी उन्हें नहर के किनारे झाड़ियों और पानी के बीच एक मानव कंकाल फंसा हुआ दिखाई दिया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कंकाल को नहर से बाहर निकलवाया।
घटना की खबर मिलते ही रोशनी के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। कंकाल के साथ मिले कपड़ों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पिता रमेश राजपूत व अन्य परिजनों ने उसकी पहचान रोशनी के रूप में की।
बताया जा रहा है कि 82 दिनों तक पानी में रहने के कारण शव पूरी तरह गल चुका था और केवल हड्डियों का ढांचा ही शेष बचा था। थाना अध्यक्ष अशोक पाल ने बताया कि कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है और मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। रिपोर्ट जियाउल हक़ खान -151173981
