फास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र वाराणसी में सड़क हादसों को कम करने के लिए पुलिस ने ज़ीरो फैटेलिटी मिशन के तहत बड़ा एक्शन लिया है। वरुणा जोन के डीसीपी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में चौबेपुर और चोलापुर इलाके के हाईवे का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान एसीपी मानसी दहिया और एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना भी टीम के साथ मौजूद रहे। एनएचएआई के अधिकारियों के साथ 17 और 18 मार्च को अलग-अलग हिस्सों में मौके पर जाकर हालात देखे गए।
17 मार्च को संदहा से कैथी टोल प्लाजा तक पूरे स्ट्रेच का बारीकी से निरीक्षण किया गया, जिसमें संदहा फ्लाईओवर, फ्लाईओवर के नीचे गोल चक्कर, संदहा चौराहा, रिंग रोड से उतरने वाले सभी मार्ग, स्वर्वेद मंदिर, उमरहा बाजार, ढकवा कट और कैथी टोल प्लाजा तक के हिस्से शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने साफ कहा कि संदहा फ्लाईओवर पर साइन बोर्ड लगाए जाएं और नीचे गोल चक्कर पर ऐसे संकेतक हों जिससे गाजीपुर की तरफ से आने वाले वाहनों को पहले ही जानकारी मिल जाए। संदहा चौराहे से आगे कैट आई ब्रेकर लगाने और रिंग रोड से उतरने वाले रास्तों पर स्पीड ब्रेकर लगाने के निर्देश दिए गए।
इसी के साथ संदहा से कैथी तक कुल 21 अवैध कट बंद कराने का आदेश दिया गया। स्वर्वेद मंदिर के सामने बैरियर पर जाली लगाने और वहां मौजूद कट को अस्थायी तौर पर बंद करने को कहा गया ताकि लोग फुटओवर ब्रिज का इस्तेमाल करें। उमरहा बाजार में फुटओवर ब्रिज बनाने की भी बात कही गई क्योंकि उस इलाके में यू-टर्न की सुविधा नहीं है। ढकवा कट को बंद कराने और पूरे हाईवे पर डब्ल्यू बैरियर लगाने पर भी जोर दिया गया, ताकि आगे अवैध कट बनने से रोका जा सके। सभी लिंक रोड्स पर स्पीड ब्रेकर लगाने के निर्देश भी दिए गए।
18 मार्च को लालपुर से दानगंज तक के हिस्से का निरीक्षण हुआ, जहां लालपुर चौराहा, आजमगढ़ हाईवे, पाण्डेयपुर मार्ग, हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज, चन्दापुर चौकी, अल्लोपुर यू-टर्न, घनश्याम पीजी कॉलेज चौराहा, गोइठहा मार्ग, एमएलसी वीनित सिंह का आवास क्षेत्र, दानगंज मार्ग और कपिसा गांव की ओर जाने वाले रास्तों पर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई। यहां भी स्पीड ब्रेकर, रम्बल स्ट्रिप्स, रिफ्लेक्टर और स्पीड कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए और अवैध कट व यू-टर्न बंद कराने के निर्देश दिए गए।
डीसीपी प्रमोद कुमार ने सभी संबंधित विभागों को साफ निर्देश दिया कि हर बिंदु पर तेजी से काम हो और सड़क सुरक्षा के नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए। उन्होंने कहा कि हादसों में कमी लाने के लिए लगातार निगरानी और समीक्षा जारी रहेगी, ताकि आम लोगों के जीवन सुरक्षित रह सकें।लईक आफताब चौबेपुर फास्ट न्यूज़ इंडिया 151166686
