पीलीभीत। जिले में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। गुरुवार सुबह एक युवक की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान कृष्ण चंद के रूप में हुई है, जो शहर के एक निजी अस्पताल में सुरक्षा गार्ड के तौर पर कार्यरत था। घटना गजरौला थाना क्षेत्र के ग्राम अजीतपुर पटपरा की है।
जानकारी के मुताबिक, कृष्ण चंद गुरुवार सुबह करीब 10 बजे अपनी नाइट ड्यूटी पूरी कर घर लौटे थे। नहाने के बाद वह मकान की दूसरी मंजिल की छत पर कपड़े सुखाने गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मकान के बेहद करीब से हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही है। कपड़े फैलाते समय उनका हाथ या शरीर अचानक लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे उन्हें जोरदार करंट लगा। करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलसकर छत पर ही गिर पड़े।
काफी देर तक नीचे न आने पर परिजन छत पर पहुंचे, जहां उन्हें बेहोशी की हालत में पड़ा पाया। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण भी मौके पर जुट गए। आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना अध्यक्ष ब्रजवीर सिंह ने बताया कि युवक की मौत हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से हुई है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हादसे के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का आरोप है कि रिहायशी इलाकों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनें लगातार हादसों को न्योता दे रही हैं, लेकिन विभाग द्वारा इन्हें सुरक्षित करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
मृतक अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गया है और वह परिवार की आजीविका का मुख्य सहारा था। इस हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं गांव में मातम का माहौल बना हुआ है। रिपोर्ट जियाउल हक़ खान -151173981
