मण्डलायुक्त प्रयागराज ने युवाओं और महिला मतदाताओं के पंजीकरण पर दिया विशेष जोर
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। मण्डलायुक्त प्रयागराज एवं रोल प्रेक्षक सौम्या अग्रवाल ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिवक्ताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने आश्वस्त किया कि अधिवक्ताओं द्वारा उठाए गए मुद्दों पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। बैठक के बाद मण्डलायुक्त ने जनपद के सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ) के साथ मतदाता सूचियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर समीक्षा बैठक की। इस दौरान जिलाधिकारी ने शिव सहाय अवस्थी ने फार्म-6 एवं एसआईआर के तहत अब तक हुई प्रगति से अवगत कराया तथा अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर प्राप्त दावों एवं आपत्तियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मण्डलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के नामों में असामान्य रूप से अधिक वृद्धि या कमी हुई है, वहां संबंधित सम्बन्धित निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी द्वारा विशेष जांच कराई जाए और उसकी विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को पूर्णतः शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के नए मतदाताओं और महिला मतदाताओं के अधिक से अधिक पंजीकरण पर विशेष जोर देते हुए अभियान चलाने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रह जाए। इसके साथ ही ईआरओ नेट पर प्राप्त आवेदनों की दोबारा गहन जांच (सुपर चेकिंग) सुनिश्चित करने को कहा गया, जिससे किसी भी प्रकार की त्रुटि की संभावना समाप्त हो सके। उन्होने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाये रखने के लिये मतदाता सूची का शुद्धीकरण अत्यन्त आवश्यक है इसलिये सभी सम्बन्धित अधिकारी इस कार्य को गम्भीरता से लेते हुये निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करें। बैठक में अपर आयुक्त (प्रशासन) रत्ना प्रिया, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अनुष्का शर्मा, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) आदित्य प्रजापति, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय कुमार तिवारी सहित अन्य अधिकारी एवं अधिवक्ता उपस्थित रहे। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
