यूपी, गोरखपुर। खोराबार थाना क्षेत्र के रामपुर डाढ़ी गांव में बुधवार को शोक की लहर दौड़ गई, जब सड़क हादसे में जान गंवाने वाले नवविवाहित दंपति के शव पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचे। पति-पत्नी की एक साथ उठी अर्थियों ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया।
गांव में आक्रोश का माहौल भी देखने को मिला। कुछ समय के लिए लोगों ने सड़क जाम करने का प्रयास किया, हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने पर स्थिति सामान्य हो गई। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में दोनों शवों को अंतिम संस्कार के लिए गौरी घाट ले जाया गया। इस दौरान एसडीएम सदर दीपक गुप्ता, नायब तहसीलदार अरविंद नाथ पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
हादसे में घायल दो बच्चियों में से एक को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि दूसरी की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज एम्स में जारी है।
मंगलवार को हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, रामपुर डाढ़ी निवासी 27 वर्षीय युवक अपनी 22 वर्षीय पत्नी और दो भतीजियों (आयु 8 व 6 वर्ष) के साथ मंगलवार शाम शहर की ओर घूमने निकले थे। सिक्टौर क्षेत्र के पास पीछे से आए एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दंपति को मृत घोषित कर दिया। दोनों बच्चियों को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया था।
सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
उल्लेखनीय है कि दंपति का विवाह हाल ही में फरवरी माह में हुआ था। अल्प समय में ही हुई इस दुखद घटना से परिजनों के साथ-साथ पूरे गांव में गहरा शोक व्याप्त है। रिपोट - जसवीर मोदनवाल 151167985
20260319060715676107256.mp4
20260319060725364355050.mp4
