पीलीभीत के अमरिया तहसील क्षेत्र में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक रिहायशी घर में गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। यह घटना धनकुना अड्डे के पास स्थित ग्राम निवासी बाबूराम के घर में सुबह करीब 6 बजे हुई, जहां अचानक रसोई में रखे गैस सिलेंडर में आग भड़क उठी।
आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार को संभलने का मौका तक नहीं मिला। घर से उठती लपटें और धुएं को देख आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सिलेंडर में लगी आग पर काबू पाना आसान नहीं था।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) अनुराग सिंह के नेतृत्व में दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर में रखा महंगा फर्नीचर, अनाज, राशन, बिस्तर, कपड़े, जरूरी दस्तावेज और नकदी पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुके थे। पीड़ित परिवार के अनुसार इस हादसे में हजारों रुपये का नुकसान हुआ है।
गनीमत यह रही कि आग लगने के दौरान परिवार के सभी सदस्य समय रहते घर से बाहर निकल गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है और फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। हालांकि प्रारंभिक तौर पर सिलेंडर से गैस रिसाव को घटना की वजह माना जा रहा है।
यह घटना एक बार फिर रसोई गैस सुरक्षा को लेकर लापरवाही की गंभीरता को उजागर करती है, जहां एक छोटी सी चूक बड़े हादसे में बदल सकती है। रिपोर्ट जियाउल हक़ खान -151173981

