फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी कासगंज l उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आज जिला कांग्रेस कमेटी ने मनरेगा मजदूरों के बकाया भुगतान और उनके अधिकारों के हनन को लेकर कलेक्ट्रेट स्थित मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष मनोज पाण्डेय के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और सैकड़ों की संख्या में आए मजदूरों ने सरकार विरोधी नारे लगाए और अपनी मांगों का ज्ञापन सौपा l धरना प्रदर्शन के दौरान सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष मनोज पाण्डेय ने प्रदेश और केंद्र सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि "वर्तमान सरकार पूरी तरह मजदूर विरोधी है। महंगाई के इस दौर में तीन महीने से मजदूरों को भुगतान न मिलना अमानवीय है। कांग्रेस हमेशा शोषितों और पिछड़ों के साथ खड़ी रही है, लेकिन भाजपा सरकार उनके संवैधानिक अधिकारों को छीनने का काम कर रही है।" कार्यक्रम के दौरान मनरेगा कोऑर्डिनेटर मुनेन्द्रपाल सिंह राजपूत (एडवोकेट) ने तकनीकी और कानूनी पहलुओं पर सरकार को घेरते हुए कहा कि मोदी सरकार मनरेगा के मूल स्वरूप को बदलकर उसे खत्म करने की साजिश रच रही है। कांग्रेस की प्रमुख मांगो में पिछले तीन माह से रुके हुए वेतन का तत्काल भुगतान हो,बढ़ती महंगाई को देखते हुए मनरेगा की दैनिक मजदूरी को बढ़ाकर ₹400 किया जाए,ठेकेदारी प्रथा को बंद कर मजदूरों के काम और मजदूरी की संवैधानिक गारंटी सुनिश्चित की जाये l जिला महासचिव अमित यादव 'भय्यू' ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही भुगतान नहीं हुआ, तो यह आंदोलन और उग्र रूप धारण करेगा।इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस की नीतियों से प्रभावित होकर सपा और बसपा के कई कार्यकर्ताओं ने पार्टी का दामन थामा। सवाना परवीन, संतोष कुमार, भगवान सिंह, सूरज पाल और सुरेश कुमार ने जिलाध्यक्ष के हाथों कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।प्रदर्शन के अंत में मुख्यमंत्री को संबोधित एक मांग पत्र डीडीओ विकल कुमार को सौंपा गया। सभा में मुख्य रूप से अजहर खान, अमित यादव एडवोकेट, अलीहसन सोहराब, सुबोध चौहान, राजकपूर वाल्मीकि, हरिशंकर पचौरी और प्रतिभा सिंह सहित दर्जनों कार्यकर्ता एवं सैकड़ों मजदूर उपस्थित रहे। रिपोर्ट संजय सिंह 151110069
