फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया
यूपी, गोरखपुर, कुसम्ही बाजार । कुसम्ही बाजार में आयोजित रुद्र महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा के आठवें दिन रामलीला मंच का उद्घाटन किया गया। पूर्व प्रमुख और जे.बी. महाजन डिग्री कॉलेज के प्रबंधक ईश्वर चंद्र जायसवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में दीप प्रज्वलित कर मंच का विधिवत उद्घाटन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत में महायज्ञ के संरक्षक महंत श्री ओमकार दास महाराज ने मुख्य अतिथि ईश्वर चंद्र जायसवाल का माल्यार्पण और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। महंत ओमकार दास ने जायसवाल के सामाजिक और शैक्षणिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि धर्म और शिक्षा का समन्वय समाज को सही दिशा देता है।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए ईश्वर चंद्र जायसवाल ने कहा कि रामलीला सनातन
धर्म की धरोहर है, जो मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम के आदर्शों पर चलने की प्रेरणा देती है। उन्होंने आधुनिक युग में नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ने के लिए ऐसे मंचों की आवश्यकता पर बल दिया और आयोजन समिति तथा श्रद्धालुओं की निष्ठा की प्रशंसा की।
महायज्ञ के आठवें दिन भोर से ही श्रद्धालुओं ने यज्ञशाला की 108 परिक्रमा की। वेदमंत्रों की गूंज और आहुतियों की सुगंध से कुसम्ही बाजार और आसपास का क्षेत्र भक्तिमय हो गया। संध्याकाल में आयोजित रामलीला के प्रथम मंचन को देखने के लिए हजारों की संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रीय लोग उमड़ पड़े।
इस धार्मिक अनुष्ठान में क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति और समाजसेवी भी उपस्थित रहे। रिपोट - जसवीर मोदनवाल 151167985
