फास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी पीलीभीत। टनकपुर रेल खंड पर गुरुवार सुबह एक डेमू ट्रेन की चपेट में आने से 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। यह हादसा न्यूरिया कॉलोनी रेलवे क्रॉसिंग के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय हुआ।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह बरेली सिटी से टनकपुर जा रही डेमू पैसेंजर ट्रेन पीलीभीत से रवाना हुई थी। न्यूरिया कॉलोनी रेलवे क्रॉसिंग के पास रेलवे ट्रैक पार कर रही बुजुर्ग महिला अचानक ट्रेन की चपेट में आ गईं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा इतना अचानक हुआ कि ट्रेन चालक को रुकने का मौका नहीं मिला। टक्कर लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर थाना न्यूरिया पुलिस और रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतका की पहचान 75 वर्षीय मुल्लो देवी के रूप में की, जो न्यूरिया क्षेत्र के मोहल्ला खेड़ा न्यूरिया हुसैनपुर की निवासी थीं। बताया गया कि वह किसी काम से रेलवे ट्रैक के पास से गुजर रही थीं।
पुलिस ने पोस्टमॉर्टम को भेजा शव
थाना प्रभारी सुभाष मावी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि रेलवे ट्रैक पर महिला के शव की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। थाना प्रभारी के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह. मामला ट्रेन की चपेट में आने का लग रहा है और पुलिस हादसे की सटीक वजह जानने के लिए जांच कर रही है।
इलाके में शोक की लहर
इस हादसे की खबर जैसे ही मुल्लो देवी के गांव हुसैनपुर पहुंची, वहां मातम पसर गया। बुजुर्ग महिला की मौत से परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि रेलवे क्रॉसिंग के पास अक्सर लोग पटरी पार करते हैं, जो बेहद जोखिम भरा होता है। पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे रेलवे ट्रैक पार करते समय सावधानी बरतें और अनधिकृत रास्तों का प्रयोग न करें। रिपोट -
रामचंद्र 151111271
