बिजली के खंभे में उतरे करंट की चपेट में आकर किशोरी की मौत
करनैलगंज गोंडा: कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नकहरा में बुधवार शाम बिजली के खंभे में उतरे करंट की चपेट में आने से 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम नकहरा निवासी स्व. पंचमलाल की पुत्री कामिनी (14) शाम को घर से कुछ दूरी पर स्थित दुकान से सामान लेने गई थी। वापस लौटते समय रास्ते में लगे बिजली के खंभे को छू लिया, जिसमें करंट उतर रहा था। करंट की चपेट में आने से वह मौके पर ही गिर पड़ी और उसकी मौत हो गई। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि महेश कुमार गुप्त के अनुसार मजदूरी कर लौट रहे ग्रामीणों ने रास्ते में खंभे के पास किशोरी को पड़ा देखा। ग्रामीणों ने उसे उठाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस चौकी भंभुआ को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया कि किशोरी के पिता पंचमलाल की पहले ही मृत्यु हो चुकी है और परिवार में उसकी मां गुड़िया देवी हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि घटना की सूचना देने के बावजूद बिजली विभाग का कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे लोगों में नाराजगी है।
