फ़ास्ट न्यूज इंडिया यूपी बुलंदशहर। जहांगीराबाद नगर पालिका प्रशासन ने नगरवासियों से अपील की है कि वे 31 मार्च से पहले अपना बकाया प्रॉपर्टी टैक्स जमा कर दें। निर्धारित तिथि के बाद प्रॉपर्टी टैक्स जमा न करने पर साढ़े 12 प्रतिशत तक स्वतः पेनल्टी लगाए जाने का प्रावधान पहली बार लागू हो चुका हैं।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी मणिजी सैनी द्वारा बताया गया कि इस वर्ष प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। नगरवासियों की सुविधा के लिए अलग-अलग माध्यमों से टैक्स जमा करने की व्यवस्था की गई है, जिससे लोग आसानी से अपना बकाया कर जमा कर सकें।
नगरवासी घर बैठे भी अपने मोबाइल फोन के माध्यम से लॉगिन आईडी से ऑनलाइन प्रॉपर्टी टैक्स जमा कर सकते हैं। जिन लोगों को प्रॉपर्टी टैक्स का बिल मिल चुका है, वे उसी के आधार पर भुगतान कर सकते हैं। वहीं जिन नागरिकों को अभी तक बिल प्राप्त नहीं हुआ है, वे नगर पालिका कार्यालय से संपर्क कर जानकारी लेकर अपना टैक्स जमा कर सकते हैं।
नगर पालिका की ओर से यह भी कहा गया है कि यदि किसी नागरिक को टैक्स जमा करने में किसी प्रकार की असुविधा होती है तो वे संबंधित अधिकारी से मोबाइल नंबर 8189077918 पर संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
नगर पालिका प्रशासन ने सभी नगरवासियों से समय रहते प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने की अपील की है, ताकि अतिरिक्त पेनल्टी से बचा जा सके। रिपोर्ट -सुनील कुमार 151044750
