फास्ट न्यूज़ इंडिया राजस्थान. भरतपुर शहर के बस स्टैंड के समीप स्थित पुरानी सब्जी मंडी इन दिनों अव्यवस्था और गंदगी का केंद्र बनी हुई है। मंडी परिसर और उसके आसपास लगे कचरे के ढेरों ने न केवल स्थानीय निवासियों और राहगीरों का जीना मुहाल कर दिया है, बल्कि यह बेजुबान जानवरों के लिए भी जानलेवा साबित हो रहा है।
मंडी में चारों तरफ सड़ती हुई सब्जियां और भारी मात्रा में फैली पॉलीथीन के कारण स्थिति भयावह हो गई है। सबसे दर्दनाक दृश्य तब देखने को मिलता है जब भोजन की तलाश में यहां आने वाली गायें कचरे के ढेर में मुंह मारती हैं और अनजाने में भारी मात्रा में प्लास्टिक और पॉलीथीन निगल लेती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की अनदेखी के कारण गायें यह जहरीला कचरा खाने को मजबूर हैं, जिससे उनकी सेहत पर बुरा असर पड़ रहा है और कई बार उनकी जान पर भी बन आती है।
बस स्टैंड जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र के पास स्थित होने के बावजूद नगर निगम और संबंधित विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। सड़ते कचरे की वजह से पूरे इलाके में भयंकर दुर्गंध फैली रहती है। गंदगी के कारण मच्छरों और संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। सड़क किनारे तक फैले कचरे की वजह से आवाजाही में भी दिक्कत होती है।
क्षेत्र के नागरिकों और व्यापारियों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा है कि यदि जल्द ही सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई और इन कचरा पॉइंट को नहीं हटाया गया, तो वे विरोध प्रदर्शन करेंगे। लोगों की मांग है कि आवारा गोवंश के लिए उचित चारे की व्यवस्था हो और शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के दावों को धरातल पर उतारा जाए। यह थी राजस्थान से योगेन्द्र शर्मा की रिपोट

20260309131629070430413.mp4