मथुरा। प्रदेश के मुख्यमंत्री गोरक्षपीठाधीश्वर पूज्य योगी आदित्यनाथ ने शनिवार (07 मार्च) सांय 4.30 बजे श्रीकृष्ण जन्मस्थान के दर्शन वैदिक मंत्रोच्चारण एवं श्रीहरिःनाम संकीर्तन के मध्य किये।श्रीकृष्ण-जन्मस्थान सेवा-संस्थान के सचिव श्री कपिल शर्मा एवं प्रबंध समिति के सदस्य श्री गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी ने योगी आदित्यनाथ जी का स्वागत प्रसादी-पटुका ओढ़ाकर एवं पूजाचार्यो ने मंगलार्चन-स्वस्तिवाचन के साथ योगी जी का स्वागत किया। वैदिक मंत्रोच्चारण एवं मृदंग-मजीरे की मंगल ध्वनि के मध्य सर्वप्रथम योगी आदित्यनाथ भगवान श्रीकेशवदेव जी महाराज को माल्यार्पण-चन्दन अर्पित करने के उपरान्त, अष्टभुजा मॉं योगमायाजी के दर्शन-पूजन कर श्रीगर्भ-गृह में प्रवेश किया। श्रीगर्भ-गृह में पूज्य योगी जी ने तुलसी एवं पुष्प के साथ अनन्त लीलापुरुषोत्तम भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना वैदिक मंत्रोचारण के साथ की। भागवत-भवन में पूजन के उपरान्त श्रीकृष्ण-जन्मभूमि के पवित्र लीलामंच पर भजन-गायन, रसिया-गायन के कार्यक्रम में झूमते-नाचते हजारों श्रद्धालुजन योगी जी महाराज को अपने मध्य पाकर अभिभूत हो जय-जयकार करने लगे। श्रद्धालुओं के मध्य जाकर श्री योगी जी ने वृहद मात्रा में पुष्प-वर्षा, झूमते-नाचते जय-जयकार करते श्रद्धालुओं पर की। योगीजी से प्रसाद रूप में चॉकलेट पाकर बच्चे भी प्रसन्न हो रहे थे।श्रीकृष्ण-जन्मभूमि के संपूर्ण परिसर राधे-राधे, जय श्रीराम और हर हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान हो रहा था। श्रीकृष्ण-जन्मभूमि पर साक्षात प्रभु श्रीराम, भगवान शिव और भगवान श्रीकृष्ण तीनों की कृपानुभूति हो रही थी। रिपोर्ट नन्द किशोर शर्मा 151170853
