जमीनी विवाद में हुए खूनी संघर्ष में 6 नामजद सहित 20 पर मुकदमा दर्ज
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई, एहतियातन गांव में पुलिस बल तैनात। गोंडा : कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुम्हरौरा के मजरे ठाकुराइन पुरवा में जमीनी रंजिश को लेकर हुए खूनी संघर्ष के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
ग्राम पंचायत कुम्हरौरा के मजरे ठाकुराइन पुरवा में गुरुवार को पुरानी जमीनी रंजिश को लेकर दो पक्षों में हिंसक संघर्ष हो गया था। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे व धारदार हथियार चले, जिसमें एक पक्ष के एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए थे। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करनैलगंज ले जाया गया, जहां से तीन गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया था। पीड़ित पक्ष से मोहनलाल पुत्र भीषम की तहरीर पर पुलिस ने विपक्षी मंजीत गोस्वामी, अमित गोस्वामी, राजेश गोस्वामी, मयंकर, दिलीप कुमार व ननकई देवी को नामजद करते हुए 15-20 अज्ञात लोगों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 147, 148, 323, 324 व 452 सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियात के तौर पर पुलिस टीम तैनात की गई है। फिलहाल स्थिति सामान्य है।
