यूपी संतकबीरनगर जिले के धनघटा थाना क्षेत्र के रामजानकी मार्ग पर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा टांडा गांव के पास गुरुवार की सुबह दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में बिजली थाने के एक दीवान की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग बड़ी संख्या में जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैंसर बाजार पहुंचाया गया, वहां डॉक्टरों ने दीवान को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।धनघटा थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव निवासी जनार्दन यादव पुत्र रामवृक्ष यादव अपनी बाइक से लोहरैया की ओर से जा रहे थे। वह रामजानकी मार्ग पर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा टांडा के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही बाइक पर सवार तीन लोग अनियंत्रित होकर उनकी बाइक से टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों पर सवार लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को जानकारी देने के साथ ही एंबुलेंस बुलाकर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैंसर बाजार भेजवाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जनार्दन यादव को मृत घोषित कर दिया। जनार्दन यादव सिद्धार्थनगर जनपद में विद्युत थाना में दीवान के पद पर तैनात थे और बाजार से सामान लेकर लौट रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पिता रामवृक्ष यादव, पत्नी शोभा देवी, बेटा सौरभ और बेटी श्वेता का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। रिपोट - राज कुमार वर्मा 151109870
