जहांगीराबाद। नगर में बुधवार को जहां आम लोगों ने होली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया, वहीं बृहस्पतिवार को कोतवाली परिसर में पुलिसकर्मियों ने भी होली धूमधाम से मनाई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक-दूसरे को गुलाल और रंग लगाकर जहां होली की शुभकामनाएं दीं वहीं ढोल ताशे पर जमकर नृत्य किया।
कोतवाली परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों ने पारंपरिक अंदाज में होली खेली। सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर पर्व की बधाई दी। माहौल पूरी तरह उत्साह और उमंग से भरा नजर आया। इस दौरान पुलिसकर्मी ड्यूटी की व्यस्तताओं के बीच कुछ समय निकालकर त्योहार की खुशियां साझा करते दिखे।
कोतवाली प्रभारी संजेश कुमार ने सभी पुलिसकर्मियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है। उन्होंने सभी से त्योहार को शांति और सद्भाव के साथ मनाने की अपील की। साथ ही कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी है कि त्योहार के दौरान क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखी जाए।
उन्होंने बताया कि होली के मद्देनजर नगर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की विशेष सतर्कता रही। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा और लगातार गश्त की गई, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए।
इस मौके पर कोतवाली के पुलिसकर्मी मौजूद रहे और सभी ने एक-दूसरे को होली की बधाई देकर पर्व की खुशियां साझा की। रिपोर्ट -सुनील कुमार 151044750
