फ़ास्ट न्यूज इंडिया यूपी बुलंदशहर। अनेक प्रकार के खेलों में प्रतिभाग करने से बालिकाओं का होगा सर्वांगीण विकास, अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं और बालिकाओं को खेलों के माध्यम से सशक्त बनाने के उद्देश्य से अस्मिता कार्यक्रम का आयोजन 8 मार्च को किया जा रहा है। इस संबंध में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आकर्ष दीक्षित, उपनिदेशक, मेरा युवा भारत (माई भारत) ने बताया कि यह पहल भारत सरकार की खेलों इंडिया योजना के अंतर्गत संचालित की जा रही है, जिसका उद्देश्य जमीनी स्तर पर महिलाओं की खेलों में भागीदारी बढ़ाना और उन्हें प्रतिस्पर्धात्मक अवसर प्रदान करना है।
उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम दिनांक 08 मार्च 2026 को प्रातः 09 बजे टांडा स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष यह आयोजन देशभर के लगभग 250 स्थानों पर किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं और बालिकाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ा जा सके। कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्य रूप से एथलेटिक्स प्रतियोगिताएँ होंगी, जिनमें 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ शामिल हैं। इसके अतिरिक्त प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन के लिए टग ऑफ वार सहित विभिन्न फन स्पोर्ट्स गतिविधियाँ भी आयोजित की जाएंगी।
इस अवसर पर जिला खेल कार्यालय के कोच मनीष मिश्रा ने बताया कि प्रतियोगिता में 13 वर्ष से कम, 13 से 18 वर्ष तथा 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की महिलाएँ और बालिकाएँ भाग ले सकेंगी। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों और विजेताओं को ASMITA पोर्टल के माध्यम से डिजिटल प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे तथा विजेताओं को पदक देकर सम्मानित किया जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार यह पहल केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि महिलाओं के सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता और खेल संस्कृति को जमीनी स्तर तक मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे समाज में फिटनेस और सक्रिय जीवनशैली के प्रति सकारात्मक संदेश जाएगा। रिपोर्ट - सुनील कुमार 151044750
