मध्य प्रदेश आलीराजपुर।
जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना सोण्डवा पुलिस ने ग्राम वालपुर के भगोरिया मेले में हुई सनसनीखेज हत्या की गुत्थी महज 48 घंटों में सुलझा ली। मामूली धक्का लगने के विवाद में एक नाबालिग की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी।
पुलिस ने इस मामले में तीन बालिग आरोपियों सहित एक विधि विरुद्ध बालक (नाबालिग) को अभिरक्षा में लिया है।
घटना का संक्षिप्त विवरण
दिनांक 27 फरवरी 2026 को थाना सोण्डवा अंतर्गत ग्राम वालपुर में आयोजित भगोरिया मेले के दौरान शाम लगभग 4 से 5 बजे के बीच दो पक्षों के युवकों में आपसी धक्का लगने को लेकर विवाद हुआ।
विवाद बढ़ने पर अज्ञात युवकों ने तलावद (थाना उदयगढ़) निवासी एक नाबालिग बालक के साथ लात-घूंसों से मारपीट की और धारदार चाकू से उसके पेट, पीठ और छाती पर हमला कर दिया।
घायल को तत्काल सोण्डवा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसे जिला चिकित्सालय आलीराजपुर रेफर किया गया। प्रारंभ में साथी माधू डावर के कथनों के आधार पर धारा 109(1) बीएनएस (हत्या का प्रयास) में प्रकरण दर्ज किया गया। उपचार के दौरान नाबालिग की मृत्यु होने पर धारा 103(1) बीएनएस (हत्या) का इजाफा किया गया।
त्वरित पुलिस कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप पटेल एवं एसडीओपी श्री अश्विनी कुमार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी सोण्डवा निरीक्षक आर.आर. बडोले के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के प्रमुख बिंदु:
-
तकनीकी साक्ष्य: मेला स्थल पर लगे ग्राम पंचायत एवं निजी प्रतिष्ठानों के CCTV फुटेज का सूक्ष्म विश्लेषण।
-
मुखबिर तंत्र सक्रिय: संदिग्धों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग प्राप्त हुए।
-
पूछताछ व गिरफ्तारी: सोण्डवा क्षेत्र के निवासी दिनेश, कमलेश, अर्जुन एवं एक नाबालिग को हिरासत में लेकर मनोवैज्ञानिक ढंग से पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने अपराध स्वीकार किया।
आरोपियों ने बताया कि मेले में मामूली धक्का लगने के विवाद के प्रतिशोध में उन्होंने मृतक पर धारदार चाकू से हमला किया था।
बरामदगी एवं वैधानिक कार्यवाही
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू बरामद किया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
सराहनीय भूमिका
उक्त हत्या के त्वरित खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक राजाराम बड़ोले, चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सचिन डावर, उपनिरीक्षक रामवचन पाण्डेय, सउनि बाबूलाल गेहलोत, सउनि शांतिलाल उपाध्याय सहित अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विशेष भूमिका रही। यह थी आलीराजपुर से खलील मंसूरी की रिपोट
20260303165628998175706.mp4
20260303165638992303286.mp4
