फास्ट न्यूज इंडिया पीलीभीत
बिना चोट के मिला शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पीलीभीत टाइगर रिजर्व में बाघ का शव मिलने से हड़कंप, जांच शुरू
पीलीभीत टाइगर रिजर्व (PTR) की माला रेंज में एक बाघ का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। शनिवार देर रात महोफ और माला के बीच धमेला वॉच टावर के पास बाघ का शव मिलने की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंच गए।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रभागीय वनाधिकारी भरत कुमार डीके अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए बरेली से मुख्य वन संरक्षक ने भी रात करीब दो बजे मौके का बारीकी से निरीक्षण किया। वहीं फील्ड डायरेक्टर और अतिरिक्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक भी पूरे घटनाक्रम की लगातार निगरानी कर रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में बाघ के शरीर पर आपसी संघर्ष या बाहरी चोट के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। आमतौर पर बाघों की मौत आपसी संघर्ष या शिकार के दौरान होती है, लेकिन शरीर पर घाव न मिलने से वन विभाग इसे संदिग्ध मौत मान रहा है। इससे मौत के कारणों को लेकर रहस्य और गहरा गया है।
मौत की सटीक वजह जानने के लिए बाघ के शव को भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (IVRI), बरेली भेजा जा रहा है। डीएफओ भरत कुमार डीके ने बताया कि पूरी प्रक्रिया नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी (NTCA) के प्रोटोकॉल के तहत कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
रविवार को प्रोजेक्ट टाइगर के नोडल अधिकारी भी घटनास्थल का दौरा करेंगे, ताकि सुरक्षा व्यवस्था और मॉनिटरिंग में किसी प्रकार की कमी की जांच की जा सके। टाइगर रिजर्व में एक वयस्क बाघ की अचानक मौत वन्यजीव प्रेमियों और प्रशासन दोनों के लिए चिंता का विषय बन गई है। रिपोर्ट जियाउल हक़ खान -151173981
