फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी, गोरखपुर, एम्स थाना क्षेत्र अंतर्गत कुसम्ही जंगल स्थित बुढ़िया माता मंदिर में दर्शन के लिए आई महिला से बाइक सवार उचक्कों ने मंगलसूत्र छीन लिया। मामले में पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ छिनैती का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार को दिन में देवरिया जिले के कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बड़की बभनी निवासी पूनम चौरसिया पत्नी राघवेंद्र चौरसिया अपनी जेठानी ममता के साथ मंदिर दर्शन के लिए आई थीं। दर्शन के बाद लौटते समय अचानक बाइक सवार उचक्कों ने उनके गले से मंगलसूत्र झपट लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने डायल 112 सहित स्थानीय पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रारंभिक जांच की। शुक्रवार को पीड़िता की लिखित तहरीर के आधार पर एम्स थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ छिनैती का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्धों की तलाश में जुटी है।
