एनसीआरपी पोर्टल की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई, कोर्ट के आदेश से खातों में लौटाई गई ठगी की रकम
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए साइबर क्राइम पुलिस थाना प्रतापगढ़ द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। इस कार्रवाई में कुल 32 पीड़ितों को ₹10,91,899 की ठगी गई धनराशि वापस कराई गई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के कुशल निर्देशन तथा नोडल अधिकारी साइबर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी एवं सहायक नोडल अधिकारी साइबर क्षेत्राधिकारी नगर, प्रतापगढ़ के निकट पर्यवेक्षण में की गई। एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की जांच के क्रम में साइबर क्राइम पुलिस थाना प्रतापगढ़ की टीम ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए माननीय न्यायालय, जनपद प्रतापगढ़ के आदेश का अनुपालन कराया। इसके परिणामस्वरूप यूपीआई, इंटरनेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड फ्रॉड एवं अन्य साइबर माध्यमों से ठगी गई कुल ₹10,91,899 की धनराशि संबंधित पीड़ितों के खातों में पुनः वापस कराई गई। धनराशि वापस मिलने के बाद पीड़ितों ने जनपदीय उच्चाधिकारियों और साइबर क्राइम पुलिस थाना प्रतापगढ़ की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। इस पूरी कार्रवाई में साइबर थाना टीम—प्रभारी निरीक्षक दिवाकर सिंह के नेतृत्व में मुख्य आरक्षी नीरज कुमार, आरक्षी सत्येन्द्र कुमार एवं आरक्षी शिवम यादव शामिल रहे।पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या मैसेज पर भरोसा न करें। साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें और नजदीकी साइबर थाने से संपर्क करें। प्रतापगढ़ पुलिस साइबर अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
