बड़ा लालपुर थाना क्षेत्र में 8 नामजद समेत कई अज्ञात पर मुकदमा दर्ज
वाराणसी। बड़ा लालपुर थाना क्षेत्र में लालपुर स्टेडियम में क्रिकेट मैच समाप्त होने के बाद अधिवक्ताओं पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमलावरों ने लाठी, डंडा, रॉड व हॉकी से हमला कर कई अधिवक्ताओं को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस मामले में लंका थाने में आठ नामजद सहित कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेल्स टैक्स बार एसोसिएशन वाराणसी द्वारा 26 फरवरी 2026 को एमएसडी क्रिकेट एकेडमी, रिंग रोड पांडेयपुर में क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया था। रात करीब 10:30 बजे मैच समाप्त होने के बाद खिलाड़ी और अधिवक्ता मैदान में अपना सामान समेट रहे थे, तभी अचानक मैदान की लाइट बंद कर दी गई।
लाइट बंद करने का विरोध करने पर वहां मौजूद कर्मचारियों द्वारा गाली-गलौज की गई। आरोप है कि इसके बाद कर्मचारियों ने अपने मालिक को फोन कर बुला लिया। कुछ ही देर में दो चारपहिया वाहनों से करीब आठ लोग मौके पर पहुंचे और मैदान का गेट बंद कर दिया। इसके बाद आरोपितों ने लाठी, डंडा, रॉड व हॉकी से मैदान में मौजूद अधिवक्ताओं पर हमला कर दिया।
हमले में राहुल सिंह एडवोकेट व सौरभ सिंह यादव एडवोकेट गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
पीड़ितों ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने मारपीट के दौरान लगभग पांच तोला सोने की चेन, मोबाइल फोन व नकदी भी लूट ली और धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
इस संबंध में सेल्स टैक्स बार एसोसिएशन वाराणसी के महामंत्री चन्द्रेश कुमार सिंह की तहरीर पर लंका थाने में एफआईआर संख्या 0060/2026 दर्ज की गई है। मुकदमा भारतीय न्याय संहिता 2023 की धाराओं 191(2), 131, 115(2), 352, 351(2), 109, 110 व 304(2) के तहत पंजीकृत किया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच उपनिरीक्षक प्रभाकर सिंह को सौंपी गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है तथा सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
