हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र में नुमाइश मेला देखकर घर लौट रहे दो युवक सड़क हादसे का शिकार हो गए। तेज रफ्तार डंपर ने उनकी मोपेड में टक्कर मार दी, जिससे एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार शहर कोतवाली क्षेत्र के बिस्कुला गांव निवासी रामजी और अजय पाल मोपेड से हरदोई में नुमाइश मेला देखने आए थे। देर शाम दोनों युवक मेला देखकर घर वापस जा रहे थे। जैसे ही वे शहर कोतवाली गेट के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे एक डंपर ने उनकी मोपेड को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डंपर का पहिया रामजी के ऊपर चढ़ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अजय पाल गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों और पुलिस की मदद से घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा डंपर को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
