फास्ट न्यूज़ इंडिया मध्य प्रदेश शिवपुरी पिछोर। क्षेत्र के पिछोर अंतर्गत श्रीनगर मार्ग पर नया चौराहा के पास गुरुवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। इस भीषण दुर्घटना में पिता और उनकी 18 वर्षीय पुत्री सहित तीन लोगों की असामयिक मौत हो गई। घटना के बाद ग्राम निधानपुर सहित पूरे इलाके में मातम पसर गया है।
एडमिट कार्ड बना आखिरी सफर का कारण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम निधानपुर निवासी रहमसिंह लोधी (40 वर्ष) अपनी पुत्री प्रियंका लोधी (18 वर्ष) को कक्षा 11वीं का एडमिट कार्ड दिलवाकर मोटरसाइकिल (UP 93 AL 8246) से घर लौट रहे थे। प्रियंका की परीक्षाओं की तैयारी और भविष्य के सपनों के बीच यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन गया।
जैसे ही वे श्रीनगर ग्राम मंदिर के पास पहुँचे, सामने से आ रही एक सफेद हुंडई ओरा कार (UP 32 VN 3954) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिता-पुत्री की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
आईटीआई छात्र चला रहा था कार
बताया जा रहा है कि कार को राहुल लोधी (20 वर्ष, निवासी तिधारी) चला रहा था, जो पिछोर में रहकर आईटीआई की पढ़ाई करता है और एक कंप्यूटर दुकान पर भी काम करता है। हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
ई-स्कूटी सवार भी चपेट में
इस दुर्घटना की चपेट में एक ई-स्कूटी सवार भी आ गया, जो गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पिछोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। ग्राम पङरा माजरा निवासी बलवीर सिंह ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने कार और बाइक को जब्त कर लिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
पूरे क्षेत्र में शोक की लहर
एक पिता जो बेटी का भविष्य संवारने निकला था, वही उसे हमेशा के लिए खो बैठा। परीक्षा की तैयारी कर रही 18 वर्षीय बेटी की असमय मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
सवाल यह है कि आखिर कब तक लापरवाही की रफ्तार मासूम जिंदगियों को कुचलती रहेगी?
रिपोर्टर राजू जाटव पिछोर

मृतक फोरव्हीलर ड्राइवर राहुल लोधी

मृतक प्रियंका लोधी

मृतक रहमसिंह लोधी