फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल प्रतापगढ़ इकाई द्वारा समाजवादी पार्टी के सांसद एसपी सिंह पटेल को तथा राज्यसभा सांसद अमर पाल मौर्य के प्रतिनिधि राय साहब सिंह को एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में ऑनलाइन व्यापार/ई-कॉमर्स के अनियंत्रित विस्तार से छोटे एवं फुटकर व्यापारियों पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभावों पर गंभीर चिंता जताई गई। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि बड़े ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म द्वारा दी जा रही भारी छूट, अनुचित प्रतिस्पर्धा और असंतुलित व्यापार नीतियों के कारण स्थानीय छोटे व्यापारियों का व्यवसाय लगातार प्रभावित हो रहा है। इससे न केवल छोटे दुकानदारों की आजीविका पर संकट बढ़ रहा है, बल्कि स्थानीय रोजगार के अवसरों पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि सरकार ई-कॉमर्स कंपनियों के लिए स्पष्ट व कड़े नियम बनाए, मूल्य निर्धारण और छूट नीति पर नियंत्रण सुनिश्चित करे तथा स्थानीय व्यापारियों को संरक्षण देने के लिए प्रभावी कानून लागू करे। व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने यह भी आग्रह किया कि पारंपरिक व्यापार को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने हेतु प्रशिक्षण और प्रोत्साहन योजनाएं लाई जाएं, ताकि छोटे व्यापारी भी प्रतिस्पर्धा में टिक सकें। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सरदार मनजीत सिंह छाबड़ा, जिला चेयरमैन मनजीत सिंह गोविंद, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, जिला कोषाध्यक्ष संदीप रावत, जिला उपाध्यक्ष सुरेश केसरवानी, जिला संयुक्त मंत्री पंकज मिश्रा, नगर अध्यक्ष अंकुर केसरवानी, नगर महामंत्री जगजीत सिंह सलूजा सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। सांसद प्रतिनिधियों ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें संबंधित मंच पर उठाने का आश्वासन दिया। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
