फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने जानकारी दी है कि दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना (कक्षा 11-12 को छोड़कर) के अंतर्गत सामान्य वर्ग, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति अग्रसारित करने हेतु विस्तृत समय-सारिणी जारी कर दी गई है। जारी कार्यक्रम के अनुसार 21 फरवरी से 27 फरवरी 2026 तक विश्वविद्यालय एवं संबद्ध (एफिलियेटिंग) एजेंसियों द्वारा संस्थानों में अध्ययनरत वर्गवार वास्तविक छात्र संख्या का डिजिटल हस्ताक्षर के माध्यम से ऑनलाइन सत्यापन किया जाएगा। इस दौरान अपात्र छात्रों, पाठ्यक्रमों एवं संस्थाओं को भी ब्लॉक किया जाएगा। वहीं 21 फरवरी से 01 मार्च 2026 तक जनपद छात्रवृत्ति स्वीकृति समिति द्वारा संदिग्ध एवं अवशेष शुद्ध डाटा वाले छात्रों के प्रकरणों पर निर्णय लिया जाएगा। इसके उपरांत जनपद स्तरीय विभागीय अधिकारी के डिजिटल हस्ताक्षर से डाटा लॉक किया जाएगा। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने सभी संबंधित विश्वविद्यालयों एवं संस्थाओं को निर्देशित किया है कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सत्यापन एवं स्वीकृति की प्रक्रिया पूर्ण कर ली जाए, ताकि पात्र विद्यार्थियों को समय से छात्रवृत्ति का लाभ मिल सके। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
