रामपुर। शहर की काशीराम आवासीय कॉलोनी, पहाड़ी गेट में रहने वाले लोग इन दिनों बदहाल हालात से जूझ रहे हैं। कॉलोनी में चारों ओर गंदगी का अंबार लगा हुआ है, वहीं सड़कों पर गटर की गिलाज़त फैलने से संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। हालात इतने खराब हैं कि लोग इसे नारकीय जीवन जीने जैसा बता रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पालिका की सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप है। महीनों से न तो कूड़ा उठाया गया है और न ही नालियों की सफाई हुई है। गटर खुले पड़े हैं, कई जगह ढक्कन तक नहीं हैं, जिससे हादसों का खतरा भी बना हुआ है। गंदगी और बदबू के कारण कॉलोनीवासियों में भारी आक्रोश है।
इन हालातों को देखते हुए ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एमआईएम) ने इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाया है। पार्टी के जिला अध्यक्ष सलमान अपने कार्यकर्ताओं अयान, अहद यार खान समेत अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने नगर पालिका की लापरवाही को गंभीर बताते हुए जिला प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
एमआईएम नेताओं का कहना है कि नगर पालिका की उदासीनता के कारण सैकड़ों परिवारों को गंदगी और बीमारियों के बीच जीना पड़ रहा है। यदि जल्द ही सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो पार्टी आंदोलन करने को मजबूर होगी।
कुल मिलाकर, रामपुर की इस आवासीय कॉलोनी में फैली गंदगी अब सिर्फ स्थानीय समस्या नहीं रह गई है, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही का बड़ा उदाहरण बनती जा रही है। अब देखना यह है कि जिला प्रशासन इस पर कब और क्या कार्रवाई करता है।
