पीलीभीत। जिले में शनिवार देर रात सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के परनपुर-खुटार आसाम हाईवे पर गढ़वाखेड़ा चौकी के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार पिकअप गन्ने से भरी ट्रॉली में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप में सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, झांसी जिले के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र निवासी चालक राजेंद्र प्रसाद (पुत्र प्रेमानंद) और उरई, जालौन निवासी मोहम्मद अजीम (पुत्र शाहबुद्दीन) शनिवार रात पिकअप से पूरनपुर की ओर जा रहे थे। गढ़वाखेड़ा चौकी क्षेत्र के पास उनकी पिकअप सामने चल रही गन्ने से भरी ट्रॉली से टकरा गई। हादसा इतना भयावह था कि मोहम्मद अजीम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चालक राजेंद्र प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पूरनपुर भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुरनपुर-खुटार आसाम हाईवे पर आए दिन हादसे होते रहते हैं। आरोप है कि रात के समय तेज गति से वाहन दौड़ाए जाते हैं और गन्ने से भरी ट्रॉलियां बिना पर्याप्त रिफ्लेक्टर या संकेतक के सड़कों पर चलती हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। लोगों ने प्रशासन से हाईवे पर यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है।
सेहरामऊ उत्तरी थाने के वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है और चालक घायल है, जिसका इलाज चल रहा है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट जियाउल हक़ खान -151173981
