आलीराजपुर। आलीराजपुर जिले में आगामी पर्व-त्योहारों को शांति, सौहार्द एवं हर्षोल्लास के साथ मनाने को लेकर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर नीतू माथुर ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदौरिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में आगामी भगोरिया, होली, रंगपंचमी, गुड़ी पड़वा, शीतला सप्तमी, ईद, श्रीराम नवमी, महावीर जयंती, हनुमान जयंती, गुड फ्रायडे, डॉ. अंबेडकर जयंती सहित अन्य त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा एवं आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ संघमित्रा गौतम, उप पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल, संयुक्त कलेक्टर वीरेंद्र बघेल, श्री मनोज गरवाल, एसडीएम तपिश पांडे, डिप्टी कलेक्टर दीपिका पाटीदार, नगर पालिका सीएमओ सहित शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे। कलेक्टर नीतू माथुर ने सभी पर्वों के दौरान सफाई, विद्युत, पेयजल एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने भगोरिया पर्व के दौरान हाट-बाजार में विशेष निगरानी रखने, पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आपसी सहयोग और सौहार्द से पर्व मनाने की अपील की। साथ ही मेलों की अनुमति पूर्व में सक्षम प्राधिकारी से लेने, झूलों की क्षमता की जांच कराने और होली पर प्राकृतिक रंगों के उपयोग का आग्रह किया। पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदौरिया ने कहा कि सभी धर्म एवं समाज आपसी सामंजस्य और परस्पर सम्मान के साथ पर्व मनाएं। उन्होंने भगोरिया हाट में पर्याप्त पुलिस बल, फायर सेफ्टी की व्यवस्था तथा सोशल मीडिया पर अनुशासन बनाए रखने की आवश्यकता बताई। साथ ही चेतावनी दी कि त्योहारों या आयोजनों के दौरान महिलाओं से अभद्रता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने जिले में शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ पर्व मनाने का संकल्प लिया। पायल बघेल 151172231