खैरागढ़ में खनन विभाग की टीम ने ऊंटगिर रोड स्थित एक पत्थर फड़ पर बुधवार को औचक छापेमारी कर अवैध खनन सामग्री के खिलाफ कार्रवाई की। टीम के पहुंचते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद संचालक, मैक्स चालक तथा मजदूर वाहन छोड़कर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार एक मैक्स गाड़ी में पत्थर की पटिया भरकर फड़ पर लाई गई थी, जिसे मजदूर उतार रहे थे। इसी दौरान खनन विभाग की टीम ने दबिश दी। अधिकारियों को देखकर फड़ संचालक मौके से भाग निकला, जबकि चालक और मजदूर भी निकल भागने में सफल रहे।
टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पटिया से लदी मैक्स गाड़ी को जब्त कर लिया। प्रारंभिक जांच में खनन सामग्री से संबंधित कोई वैध प्रपत्र मौके पर प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद जब्त वाहन को उत्तर प्रदेश पुलिस के अंतर्गत थाना खेरागढ़ की पुलिस की सुपुर्दगी में देकर तहसील परिसर में खड़ा करा दिया गया।
सूत्रों के अनुसार क्षेत्र में लंबे समय से पत्थर फड़ों पर संदिग्ध तरीके से खनन सामग्री के भंडारण और आवागमन की शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर विभाग ने औचक निरीक्षण कर यह कार्रवाई की। मामले की आगे की जांच जारी है। रिपोट - शाहरुख़ बेग 151188410
