फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने क्षेत्राधिकारी लालगंज आशुतोष मिश्रा के साथ थाना लालगंज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस कक्ष, मालखाना, हवालात, शस्त्रागार तथा अभिलेखों के रख-रखाव और साफ-सफाई की स्थिति का गहनता से अवलोकन किया। पुलिस अधीक्षक ने रजिस्टरों की अद्यतन स्थिति, अभिलेखों के संधारण एवं कार्यालयीन कार्यप्रणाली की भी बारीकी से समीक्षा की। निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने थाना क्षेत्र से संबंधित लंबित विवेचनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए विवेचकों को निर्देशित किया कि सभी मामलों का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। पंजीकृत अभियोगों की प्रगति, निरोधात्मक कार्यवाहियों की स्थिति तथा कानून-व्यवस्था से जुड़ी तैयारियों की भी समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि विवेचना में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर की साफ-सफाई को नियमित रूप से बनाए रखने, हवालात की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा बंदियों के साथ मानवीय व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही शस्त्रागार की सुरक्षा, हथियारों के रख-रखाव एवं उनके रिकॉर्ड के संधारण में सतर्कता बरतने पर विशेष बल दिया गया। इसके अतिरिक्त पुलिस कर्मियों की ड्यूटी व्यवस्था, उपस्थिति, अनुशासन तथा आमजन के प्रति व्यवहार की भी समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि थाना स्तर पर जनता से संवाद बेहतर होना चाहिए, शिकायतों का त्वरित निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा थाना क्षेत्र में प्रभावी गश्त के माध्यम से अपराधों की रोकथाम सुनिश्चित की जाए। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील मामलों में विशेष सतर्कता बरती जाए और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर पेट्रोलिंग व क्षेत्रीय भ्रमण किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस का आचरण जनहित में संवेदनशील, निष्पक्ष एवं उत्तरदायी होना चाहिए, ताकि आमजन का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हो सके। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
