हजारा क्षेत्र में तीन दिन में तीसरी बड़ी घटना से ग्रामीणों में दहशत, पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं पर कर रही जांच
पीलीभीत: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के थाना हजारा क्षेत्र में सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक 26 वर्षीय युवक का शव गांव से आधा किलोमीटर दूर पेड़ से लटकता हुआ मिला। मृतक की पहचान बाजारघाट निवासी सुरेंद्र सिंह उर्फ बंटी (26), पुत्र बलजिंदर सिंह के रूप में हुई है परिजनों के अनुसार, सुरेंद्र मंगलवार शाम को घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी तलाश करने के बाद जब उसका सुराग नहीं लगा, तो बुधवार सुबह उसके पिता ने हजारा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस और परिजन अभी उसकी तलाश कर ही रहे थे कि बुधवार शाम करीब सात बजे ग्रामीणों ने गांव के बाहर एक पेड़ पर उसका शव लटकते हुए देखा। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शरद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि शव का पंचनामा भर दिया गया है और मौके से साक्ष्य जुटाए गए हैं।स्थानीय ग्रामीणों के बीच इस घटना को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि वे हत्या और आत्महत्या, दोनों ही संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रहे हैं। मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। रिपोर्ट जियाउल हक़ खान -151173981
