महोत्सव दर्पण का विमोचन करते डीएम शिवसहाय अवस्थी, एसपी दीपक भूकर व राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी तथा विधायक मोना के साथ अन्य अतिथि
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी लालगंज, प्रतापगढ़। इक्तीसवें राष्ट्रीय एकता महोत्सव को लेकर महोत्सव दर्पण का समारोहपूर्वक लोकार्पण हुआ। स्मारिका में पर्यटन नगरी बाबा घुइसरनाथ धाम में विकास की श्रृंखला व बाबा की महत्वता को दर्शाया गया है। महोत्सव के तीस वर्षो की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक उपलब्धियों तथा बाबा घुइसरनाथ की महिमा से जुडी स्मारिका का संपादन महोत्सव आयोजन समिति की संयोजिका एवं रामपुर खास की विधायक आराधना मिश्रा मोना द्वारा किया गया है। जिले के डीएम शिवसहाय अवस्थी तथा एसपी दीपक भूकर ने बाबा घुइसरनाथ धाम ट्रस्ट के अध्यक्ष व राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी के साथ स्मारिका का विमोचन किया। अतिथियों द्वारा विधायक मोना के संपादन में बाबा धाम के पौराणिक महत्व पर स्मारिका में ज्ञानवर्धक लेख व चित्रों को देखकर स्मारिका को सराहा गया। महोत्सव दर्पण में बाबा घुश्मेश्वर के भव्य आध्यात्मिक गौरव तथा बाबा से जुडी जनश्रुति एवं धाम के माहात्म्य व पर्यटन विकास से जुडी तीसवें राष्ट्रीय एकता महोत्सव दर्पण-2026 में विधायक मोना ने संपादकीय लेख में धाम के सुयश व सुकीर्ति तथा प्रगति के संकल्प में धाम की उपलब्धियों का बेहतरीन खाका खींचा है। स्मारिका महोत्सव दर्पण के जरिये लोगो को बाबा धाम की महत्ता, पौराणिकता एवं पर्यटन नगरी के अदभुत विकास की भी वृहद जानकारियां दी गई है। महोत्सव दर्पण मे बाबा घुइसरनाथ के स्वस्फुटित लिंग के सुफल मंगलफल और सई पार स्थित करील के वृक्ष तथा उपर्लिंग बूढ़ेश्वरनाथ के साथ प्रथम महोत्सव की शुरूआत से लेकर विगत तीस वर्षो से हो रहे महोत्सव की सांस्कृतिक उपलब्धियो पर भी प्रकाश डाला गया है। विमोचन समारोह का संचालन महोत्सव दर्पण के कार्यकारी संपादक ज्ञानप्रकाश शुक्ल ने किया। इस मौके पर प्रो0 डॉ0 विजयश्री सोना, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनंदन राय, एसडीएम शैलेन्द्र वर्मा, सीओ आशुतोष मिश्र, ब्लाक प्रमुख अशोक सिंह बबलू व इं. अमित सिंह पंकज, चेयरपर्सन प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी, प्रतिनिधि भगवती प्रसाद तिवारी, दृगपाल यादव, रामकृपाल पासी, डॉ. अमिताभ शुक्ल, आशीष उपाध्याय, रामबोध शुक्ल, भगवताचार्य पं. विनय शुक्ल, आदि रहे। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
