फ़ास्ट न्यूज इंडिया पीलीभीत
पीलीभीत के हजार थाना क्षेत्र के ग्राम सिद्धूनगर में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एक महिला की संदिग्ध मौत की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने खुलासा किया कि यह प्राकृतिक मौत नहीं, बल्कि संपत्ति हड़पने के लिए रची गई सुनियोजित हत्या थी — और कातिल कोई और नहीं, बल्कि उसका अपना सगा भतीजा निकला।
सिद्धूनगर निवासी कमलजीत कौर शनिवार रात घर में अकेली थीं। उनकी गोद ली बेटी रंजीत कौर और दामाद हरसिमरन सिंह गांव में तिलक समारोह में गए थे। देर रात लौटने पर घर का मंजर देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई — कमलजीत कौर का शव अंदर पड़ा था और सामान बिखरा हुआ था। शरीर पर चोट के निशान साफ हत्या की कहानी बयां कर रहे थे। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना देकर हत्या की आशंका जताई।
थाना प्रभारी शरद यादव के नेतृत्व में पुलिस ने तेजी से जांच शुरू की। शक की सुई भतीजे सर्वजीत सिंह उर्फ बिल्लू पर जाकर टिक गई। हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ हुई तो सच बाहर आ गया। सर्वजीत ने अपने साथी विजय कुमार के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। वजह — संपत्ति का लालच। आरोपियों को डर था कि महिला अपनी चल-अचल संपत्ति दामाद के नाम कर देंगी। इसी लालच ने रिश्ते का खून करवा दिया।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात मौका पाकर दोनों आरोपी घर में घुसे और गला दबाकर कमलजीत कौर की निर्मम हत्या कर दी। साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मंगलवार को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। रिपोर्ट जियाउल हक़ खान -151173981

