फास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी वाराणसी।चौबेपुर थाना क्षेत्र के कैथी स्थित प्रसिद्ध मार्कण्डेय महादेव मंदिर में सोमवार को दर्शनार्थियों की भारी भीड़ के बीच एक महिला का मंगलसूत्र और सोने की चेन चोरी होने का मामला प्रकाश में आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पीड़िता मंदिर परिसर में रोते हुए अपने गहने गायब होने की बात कहती नजर आ रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पनिहारी गांव निवासी मुन्नी देवी सोमवार दोपहर बाबा के दर्शन-पूजन के लिए मंदिर पहुंची थीं। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र उड़ा लिया। गहने गायब होने का पता चलते ही महिला घबरा गई और आसपास मौजूद लोगों से मदद की गुहार लगाने लगी।
मौके पर मौजूद कुछ श्रद्धालुओं ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। वीडियो में महिला यह कहते हुए दिखाई दे रही है कि मंदिर की पवित्र भूमि पर उसके साथ धोखा हुआ है। उसने प्रशासन से चोरों का पता लगाकर मंगलसूत्र बरामद करने की मांग की है।
घटना की सूचना पर थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार एवं कैथी चौकी प्रभारी अनिल चंदेल ने बताया कि अभी तक इस संबंध में कोई औपचारिक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। हालांकि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की कोशिश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा। वहीं मंदिर में बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।लईक आफताब चौबेपुर, फास्ट न्यूज़ इंडिया 151166686
