फास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के कैथी स्थित प्राचीन मारकंडेय महादेव मंदिर में चल रहे महाशिवरात्रि मेले के दूसरे दिन भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मान्यता है कि शिवरात्रि के पहले दिन महिला और पुरुष दोनों श्रद्धालु दर्शन-पूजन और मेले का आनंद लेते हैं, वहीं दूसरे दिन मेले में महिलाओं की संख्या अधिक देखने को मिलती है।
सुबह से ही मंदिर परिसर और घाटों पर महिलाओं की लंबी कतारें लगी रहीं। महिलाओं ने बाबा का जलाभिषेक और विधि-विधान से पूजन किया। इसके बाद मेले में जलेबी, पकौड़ी, खाट, मचिया सहित विभिन्न घरेलू सामानों की जमकर खरीददारी की। मेले में जगह-जगह सजी दुकानों पर रौनक बनी रही।
वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। चौबेपुर थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार (सिंघम) और कैथी चौकी प्रभारी अनिल कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मेले में लगातार भ्रमण करते रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्क रहें और कीमती सामान की सुरक्षा स्वयं सुनिश्चित करें।लईक आफताब चौबेपुर फास्ट न्यूज़ इंडिया 151166686
