मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन ने आज वाराणसी सिटी–औड़िहार रेल खंड पर कादीपुर–सारनाथ के मध्य स्थित समपार संख्या 14C स्पेशल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने समपार पर उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्थाओं, बैरियर की स्थिति, सिग्नलिंग प्रणाली, सड़क उपयोगकर्ताओं की सुविधा तथा कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की। उन्होंने समपार पर तैनात गेटमैन से ड्यूटी से संबंधित जानकारी प्राप्त की और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने समपार पर साफ-सफाई, चेतावनी संकेतकों, प्रकाश व्यवस्था एवं सुचारु आवागमन व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने ट्रेनों एवं सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके उपरांत मंडल रेल प्रबंधक ने वाराणसी सिटी–औड़िहार रेल खंड पर कादीपुर–सारनाथ के मध्य चल रहे बैलास्ट अनलोडिंग कार्य का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्य की प्रगति, गुणवत्ता तथा सुरक्षा मानकों के अनुपालन का गहन अवलोकन किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बैलास्ट अनलोडिंग कार्य पूर्ण सतर्कता एवं निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार किया जाए, जिससे संरक्षा एवं समयबद्धता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के महत्वपूर्ण कार्यों में सुरक्षा सर्वोपरि है।
निरीक्षण के दौरान कार्यस्थल पर उपलब्ध सुरक्षा उपकरणों, कर्मचारियों के प्रशिक्षण एवं पर्यवेक्षण व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। इस अवसर पर सहायक मंडल इंजीनियर (लाइन) श्रीमती मुक्ता सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
— रमेश कुमार शाह
निजी सचिव, मंडल रेल प्रबंधक
वाराणसी
