फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया
यूपी, गोरखपुर । कुसम्ही बाजार में महाशिवरात्रि के अवसर पर भगवान भोलेनाथ की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस वर्ष यह शोभायात्रा ऐतिहासिक रही, जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालु उमड़े और पूरा इलाका भक्तिमय हो गया।
शोभायात्रा का शुभारंभ कुसम्ही बाजार के प्राचीन शिव मंदिर परिसर से वैदिक मंत्रोच्चार और शंखनाद के साथ हुआ। क्षेत्रीय जन-प्रतिनिधियों और मंदिर समिति के सदस्यों ने भगवान शिव की आरती उतारकर रथ को रवाना किया।
यह यात्रा बाजार के मुख्य चौक, सड़कों और रिहायशी इलाकों से गुजरी। मार्ग में छतों से महिलाओं और बच्चों ने पुष्प वर्षा कर महादेव का अभिनंदन किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। शोभायात्रा में फूलों से सजा भव्य रथ आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा, जिस पर शिव-पार्वती की सजीव झांकी प्रस्तुत की गई थी। भगवान शिव के गणों के रूप में सजे युवाओं ने भस्म लगाकर और अघोरी स्वांग रचकर नृत्य प्रस्तुत किया, जिसे देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ी।
भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन ने पहले ही रूट डायवर्ट कर दिया था। जगदीशपुर चौकी प्रभारी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल और स्वयंसेवकों की टीम पूरी यात्रा के दौरान साथ रही, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।
प्राचीन शिव मंदिर समिति के सदस्य अमितेश गुप्ता ने बताया, इस यात्रा में जात-पात का भेदभाव भूलकर हर वर्ग के लोग एक साथ महादेव की भक्ति में लीन दिखाई दिए। कुसम्ही बाजार की यह शोभायात्रा हमारी सांस्कृतिक पहचान बन चुकी है। इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या पिछले वर्षों की तुलना में लगभग दोगुनी थी, जो हमारी बढ़ती आस्था का प्रतीक है। रिपोट - जसवीर मोदनवाल 151167985
