राज्यसभा सांसद ने तीन दिवसीय प्रदर्शनी का फीता काटकर किया शुभारम्भ
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर बाबा घुइसरनाथधाम में दिनांक 14 से 16 फरवरी तक तीन दिवसीय 31वें राष्ट्रीय एकता महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है जिसमें सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, उ०प्र० लखनऊ द्वारा जनपद प्रतापगढ़ की महत्वपूर्ण उपलब्धियों तथा केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित एक आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक प्रदर्शनी लगाई गई है। प्रदर्शनी में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, किसान कल्याण, रोजगार, स्वरोजगार, सामाजिक सुरक्षा, ग्रामीण विकास, डिजिटल सेवाओं एवं आधारभूत संरचना से संबंधित योजनाओं की विस्तृत जानकारी सरल एवं चित्रात्मक माध्यम से प्रस्तुत की गई है। तीन दिवसीय प्रदर्शनी का राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने फीता काटकर शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी लालगंज शैलेन्द्र कुमार वर्मा व अन्य सम्बन्धित उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग में पंजीकृत कलाकारों शिल्पी कठपुतली कला केन्द्र, योगी स्वर संगीत पार्टी, निराला लोकगीत एवं बिरहा पार्टी द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। जनसामान्य एवं श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी का अवलोकन कर केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
