पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई, एसपी ने कहा—लापरवाही बर्दाश्त नहीं
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने एवं आमजन को त्वरित न्याय दिलाने की प्रतिबद्धता के तहत पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर द्वारा गुरुवार, 12 फरवरी 2026 को पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) शैलेन्द्र लाल एवं अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनन्दन राय भी मौजूद रहे। जनसुनवाई में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए फरियादियों ने भूमि विवाद, पारिवारिक प्रकरण, मारपीट, धोखाधड़ी, उत्पीड़न एवं अन्य आपराधिक मामलों से संबंधित अपनी शिकायतें पुलिस अधीक्षक के समक्ष प्रस्तुत कीं। एसपी भूकर ने प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित प्रार्थना पत्रों का अवलोकन कर तथ्यों की जानकारी ली। उन्होंने मौके पर उपस्थित संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी प्रकरण में लापरवाही, टालमटोल या पक्षपात की शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जाए तथा पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने के उद्देश्य से प्रत्येक प्रकरण का पारदर्शी, निष्पक्ष एवं परिणामोन्मुख निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शिकायतकर्ता को प्रकरण की प्रगति से अवगत कराने के भी निर्देश दिए गए, ताकि पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास और मजबूत हो सके। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जनता और पुलिस के बीच सीधा संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसका उद्देश्य लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान करना तथा पुलिस व्यवस्था के प्रति विश्वास को सुदृढ़ करना है। जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक की पहल से फरियादियों में संतोष का भाव देखा गया। प्रशासन की ओर से यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि आमजन की शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी और न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
