मथुरा । थाना गोवर्धन क्षेत्र के गांव पेठा में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां दो सगी बहनों की शादी समारोह के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब फेरे से ठीक पहले एक दूल्हा स्टेज से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, राजस्थान के कामा क्षेत्र के सतवास गांव से दो भाई बारात लेकर गांव पेठा पहुंचे थे। शादी की सभी रस्में धूमधाम से चल रही थीं। नाच-गाना, दावत और जयमाला की रस्म भी पूरी हो चुकी थी। दोनों दुल्हनें स्टेज पर मौजूद थीं और परिवार में खुशी का माहौल था।
इसी बीच बड़े दूल्हे विक्रम ने फेरे से पहले शौचालय जाने का बहाना बनाया और स्टेज से नीचे उतर गया। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों को शक हुआ। तलाश करने पर पता चला कि दूल्हा मौके से फरार हो चुका है।
दूल्हे के अचानक गायब हो जाने से शादी समारोह का माहौल पूरी तरह बदल गया। दोनों बहनों के हाथों में लगी मेंहदी सूखती रह गई और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
घटना की सूचना लड़की पक्ष द्वारा पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और लड़के पक्ष के कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
रिपोर्ट: नंद किशोर शर्मा 151170853
